20 अगस्त से शुरू होनी है खेलकूद प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शिक्षा विभाग की ओर से 20 अगस्त से खंड और जिलास्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए अभी तक मात्र 17 स्कूलों ने स्पोर्ट्स फंड और टूर्नामेंट फीस जमा कर रूचि दिखाई है। जबकि, जिले में दो हजार से अधिक छोटे बड़े स्कूल है।
शिक्षा विभाग में तैनात खेल अधिकारी का कहना है कि खेल फंड जमा नहीं कराने वाले स्कूल के छात्र इस प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। आरोप है कि निजी स्कूल संचालक खेल गतिविधियों के रूप में अभिभावकों से पैसा लेते हैं, लेकिन शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित खेल प्रतियोगिता के शुल्क जमा नहीं कराते हैं। जबकि स्कूलों को खेल फंड और टूर्नामेंट फीस सत्र के शुरुआत में ही शिक्षा विभाग को जमा करवाना होती है। सत्र शुरू होने के पांच महीने बीत जाने के बावजूद मात्र 17 निजी स्कूलों ने टूर्नामेंट फीस और खेल फंड जमा करवाया है। वहीं, अगस्त के तीसरे सप्ताह से खंड और जिलास्तरीय स्कूल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताएं शुरू होने वाली हैं। सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त व निजी स्कूलों को शिक्षा विभाग ने 15 अगस्त तक 2022-23 का खेल फंड जमा करवाने के निर्देश दिए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूल के मुखिया को बच्चों की गिनती के अनुसार प्रोफार्मा भरकर जमा करवाने का निर्देश दिया गया है।
प्रति महीने के हिसाब से जमा कराना होगा फंड
9वीं-10वीं में पढ़ने वाले बच्चे का खेल फंड 30 रुपए जमा कराना होगा। जबकि, 11वीं-12वीं के कला के छात्रों को 60 रुपये, वाणिज्य के छात्रों को 72 रुपये और विज्ञान के छात्रों को 90 रुपये प्रति विद्यार्थी के हिसाब से 12 महीने की रकम का 70 प्रतिशत ड्राफ्ट के जरिए जिला शिक्षा कार्यालय में जमा करवाना होगा। पहली से 5वीं कक्षा तक के छात्रों को 5 रुपये और 6ठी से 8वीं कक्षा तक के छात्रों को 10 रुपये प्रति महीने जमा कराना होगा।
वर्जन
निजी स्कूल संचालक खेल फंड जमा करने में रूचि नहीं दिखा रहें हैं। तय समय के अंदर खेल फंड जमा नहीं कराया गया तो उस स्कूल के खिलाड़ी शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित खेल प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले सकेंगे।
हरवीर अधाना, सहायक खेल अधिकारी (शिक्षा)