सरकारी कॉलेजों को प्रमाणपत्र जमा कराने के निर्देश, जिले के चार कॉलेज भी सूची में शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सरकारी कॉलेजों में गैर-शिक्षण कर्मचारियों की वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट (एसीआर) तैयार करने और जमा कराने के मामले में उच्चतर शिक्षा विभाग ने सख्ती दिखाई है। विभाग ने प्रदेश के 49 सरकारी कॉलेजों के प्राचार्यों को एक सप्ताह के भीतर निर्धारित प्रमाणपत्र जमा कराने के निर्देश दिए हैं। इनमें जिले के चार सरकारी कॉलेज भी शामिल हैं।
उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा जारी निर्देशानुसार शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए गैर-शिक्षण कर्मचारियों की वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट तैयार करने और उसकी समीक्षा की प्रक्रिया पूरी की जाए। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस संबंध में पहले भी 15 जुलाई, 29 सितंबर और 12 अक्तूबर को आदेश जारी किया जा चुका है। इसके बावजूद संबंधित प्रमाणपत्र कार्यालय को नहीं मिला है। अब कॉलेजों को एक सप्ताह के भीतर ईमेल और रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से प्रमाणपत्र भेजने को कहा गया है। जिले के पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय महाविद्यालय, राजकीय कन्या महाविद्यालय नचौली, राजकीय महाविद्यालय मोहना और राजकीय महाविद्यालय सेक्टर-23 का नाम इस सूची में शामिल हैं। इन सभी महाविद्यालयों ने वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट नहीं दी है।