फरीदाबाद। सेक्टर-76 स्थित बीपीटीपी पार्क फ्लोर-2 सोसाइटी के निवासियों ने शनिवार को सातवें दिन भी बिल्डर के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने थाली और ताली बजाकर अपना विरोध जताया। लोगों का आरोप है कि बिल्डर लोगों को सुविधाएं नहीं दे रहा है लेकिन मेंटेनेंस के नाम पर हर माह हजारों रुपये वसूल रहा है। वहीं, बिना ऑडिट के सुविधा शुल्क बढ़ा दिए हैं, जिससे काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बिल्डर ने जल्द बढ़ाए गए चार्ज वापस नहीं लिए तो प्रदर्शन और तेज किया जाएगा।
पार्क फ्लोर-2 सोसाइटी में करीब 800 फ्लैट हैं। वर्ष 2008 में बिल्डर ने यहां लोगों को ऑक्युपेंसी सर्टिफिकेट (ओसी) दिए बिना बसावट शुरू कर दी थी। इस समय सोसाइटी में 672 परिवार रहते हैं। आज 24 साल बीतने के बाद भी उन्हें ऑक्युपेंसी सर्टिफिकेट नहीं दिया गया है। सोसाइटी में बिजली व्यवस्था का भी बुरा हाल हैं। रोजाना दिन में करीब छह-छह घंटे डीजी से काम लेना पड़ता है। इससे उनका बिजली बिल भी काफी ज्यादा आता है। बिल्डर से कई बार स्थायी बिजली कनेक्शन देने की मांग की गई है लेकिन कुछ नहीं हो पाया है। लोगों ने बताया कि बिल्डर की ओर से अचानक से एक मैसेज भेजा गया जिसमें मेंटेनेंस चार्ज 1.95 सहित जीएसटी को 2.80 सहित जीएसटी कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि जब तक बढ़े हुए दामों को वापिस नहीं लिया जाएगा तब तक प्रतिदिन बीपीटीपी कार्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा।
समर्थन में दूसरी सोसाइटी के लोग
पिछले करीब एक सप्ताह से बिल्डर के खिलाफ प्रदर्शन को अन्य सोसाइटी के लोगों का भी समर्थन मिलना शुरू हो गया है। शनिवार को पार्क फ्लोर-1 के लोगों ने भी प्रदर्शन किया। यहां भी बीपीटीपी बिल्डर की ओर से मेंटेनेंस चार्ज में बढ़ोतरी की गई है। पार्क फ्लोर-1 के आरडब्ल्यूए महासचिव ललित ने बताया कि बिल्डर की मनमानी के कारण दिक्कत होती है, जब तक बिल्डर सभी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराएगा और बढ़े हुए चार्ज वापिस नहीं लेगा तब तक प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं बीपीटीपी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रोहित मोहन ने कहा कि चार साल बाद शुल्क बढ़ाया गया है इसलिए बढ़ा हुआ शुल्क वापिस नहीं लिया जाएगा।