आईएमटी की समस्याओं को लेकर डीसीपी और एसीपी से मिले उद्यमी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। आईएमटी क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदात, सड़कों पर अवैध पार्किंग और बढ़ते अतिक्रमण से पैदा हुई जाम की स्थिति ने उद्यमियों की चिंता बढ़ा दी है। इन समस्याओं से निजात दिलाने की मांग को लेकर आईएमटी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन फरीदाबाद (आईआईएएफ) के एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस प्रशासन के उच्च अधिकारियों से मुलाकात की।
उद्यमियों ने डीसीपी प्रतीक अग्रवाल और एसीपी अशोक कुमार के साथ विस्तार से चर्चा की। बैठक का मुख्य एजेंडा औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करना था। उद्यमियों ने बताया कि सड़कों पर खड़े भारी वाहनों और अतिक्रमण के कारण न केवल ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई है, बल्कि सुरक्षा में भी सेंध लग रही है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जल्द ही इसका समाधान निकाला जाएगा। उद्यमियों ने आईएमटी के मुख्य चौराहों और एंट्री-एग्जिट पॉइंट्स पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है।