फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन, तोड़फोड़ पर रोक की उठाई मांग

विज्ञापन
विज्ञापन
सीपीआई (एम) ने राष्ट्रपति और हरियाणा के मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को सौंपे ज्ञापन
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। लगातार बढ़ती पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और सीएनजी की कीमतों के विरोध में भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) ने जिला मुख्यालय सेक्टर-12 में प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने महंगाई के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राष्ट्रपति और हरियाणा के मुख्यमंत्री के नाम अलग-अलग ज्ञापन तहसीलदार को सौंपे। प्रदर्शन के दौरान फरीदाबाद की नेहरू कॉलोनी में चल रही तोड़फोड़ की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की भी मांग की गई।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत पार्टी कार्यकर्ता सुबह राजस्थान भवन के सामने एकत्र हुए और केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस, सीएनजी तथा खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों को वापस लेने की मांग करते हुए जोरदार नारे लगाए।
विज्ञापन


सभा को संबोधित करते हुए पार्टी की सांगठनिक समिति के सचिव वीरेंद्र सिंह डंगवाल ने कहा कि केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है। उनका कहना था कि ईंधन और रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि का सीधा असर रोजमर्रा की जरूरतों पर पड़ रहा है और गरीब, मजदूर, किसान तथा मध्यम वर्गीय परिवारों का घरेलू बजट बिगड़ गया है।

उन्होंने फरीदाबाद की बुनियादी सुविधाओं पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि शहर में बिजली कटौती, स्वच्छ पेयजल की कमी, जलभराव, खराब सड़कें और जाम जैसी समस्याएं लगातार बनी हुई हैं। साथ ही आरोप लगाया कि करीब 40 वर्ष पुरानी नेहरू कॉलोनी में जिला प्रशासन द्वारा मकानों को जबरन तोड़ा जा रहा है, जिसे तत्काल रोका जाना चाहिए।

सभा की अध्यक्षता कर रहे किसान नेता नवल सिंह ने कहा कि सरकार बड़े कॉरपोरेट घरानों को लाभ पहुंचाने में लगी है, जबकि आम जनता महंगाई की मार झेल रही है। पूर्व जिला सचिव शिव प्रसाद ने चेतावनी दी कि यदि मूल्य वृद्धि वापस नहीं ली गई तो पार्टी अपना जन आंदोलन और तेज करेगी। वीरेंद्र पाल और श्रीपाल भाटी ने भी जनहित के मुद्दों पर संघर्ष को मजबूत करने का आह्वान किया।
विज्ञापन


प्रदर्शन में निरंतर पराशर, दिनेश, देवीराम, राजू, रवि, मनोज, महेश द्विवेदी, के. थॉमस, जितेंद्र, आश मोहम्मद, जाकिर हुसैन, विनोद, सुनीता, गुलाब, सुभाष, संतु सिंह, नरवीर, महावीर ददसिया, हरिचंद, चंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें