फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: बंधवाड़ी टोल हटाने की मांग तेज, विधायक धनेश अदलखा ने सीएम को भेजा पत्र

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

फरीदाबाद। फरीदाबाद और गुरुग्राम के बीच रोजाना सफर करने वाले लोगों की परेशानी को लेकर बंधवाड़ी टोल प्लाजा अब फिर चर्चा में आ गया है। बड़खल से विधायक धनेश अदलखा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पत्र लिखकर बंधवाड़ी टोल प्लाजा को बंद करने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि टोल की अवधि पूरी होने वाली है और इसे आगे जारी रखना आम जनता पर अतिरिक्त बोझ डालने जैसा होगा।

विधायक ने अपने पत्र में कहा कि फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड पर स्थित बंधवाड़ी टोल प्लाजा पर प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं। खासतौर पर सुबह दफ्तर जाने और शाम को लौटने के समय यहां वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। इससे लोगों को रोजाना ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ता है और सफर में काफी समय बर्बाद होता है।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि टोल प्लाजा पर लगने वाले जाम का सीधा असर आम लोगों की दिनचर्या पर पड़ रहा है। नौकरीपेशा लोगों को समय पर कार्यालय पहुंचने में दिक्कत होती है, जबकि छात्रों और व्यापारियों को भी परेशानी झेलनी पड़ती है। कई बार स्थिति इतनी खराब हो जाती है कि एंबुलेंस और जरूरी सेवाओं से जुड़े वाहन भी जाम में फंस जाते हैं।

धनेश अदलखा ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई के दौर में टोल पर लगने वाला जाम लोगों की जेब पर भी असर डाल रहा है। वाहनों के लंबे समय तक खड़े रहने से पेट्रोल और डीजल की अतिरिक्त खपत होती है, जिससे आम लोगों का खर्च बढ़ रहा है। उनका कहना है कि यदि टोल को बंद किया जाता है तो लोगों को आर्थिक राहत मिलने के साथ यातायात व्यवस्था भी सुचारु हो सकेगी।

उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि टोल की अवधि समाप्त होने के बाद इसे आगे बढ़ाने के बजाय स्थायी रूप से बंद करने पर विचार किया जाए। विधायक ने कहा कि फरीदाबाद और गुरुग्राम के बीच रोजाना लाखों लोग आवाजाही करते हैं और ऐसे में निर्बाध यातायात व्यवस्था समय की जरूरत बन चुकी है।
विज्ञापन


स्थानीय निवासियों और वाहन चालकों ने भी टोल हटाने की मांग का समर्थन किया है। लोगों का कहना है कि कई बार टोल पार करने में ही 15 से 20 मिनट लग जाते हैं। उनका मानना है कि यदि बंधवाड़ी टोल समाप्त हो जाता है तो दोनों शहरों के बीच सफर पहले की तुलना में अधिक आसान और तेज हो जाएगा। अब इस मामले में सरकार के निर्णय का इंतजार किया जा रहा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें