निवासियों ने बुढ़िया नाले पर बने पुराने पुल के ढह जाने का मुद्दा भी उठाया
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शहर की टीटू कॉलोनी के निवासियों ने रविवार को आयोजित खुले दरबार में अपनी कॉलोनी के नियमितीकरण की मांग प्रमुखता से उठाई। मंत्री राजेश नागर के निवास पर आयोजित इस जनसुनवाई कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने विकास कार्यों में आ रही बाधाओं से अवगत कराया। मंत्री ने मामले में जल्द फाइल तैयार कर नियमितीकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।
टीटू कॉलोनी के प्रतिनिधियों ने बताया कि कॉलोनी अब तक नियमित नहीं हो पाई है जिससे सड़क, नाली, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं के कार्य अटक जाते हैं। उनका कहना था कि नियमितीकरण के अभाव में सरकारी योजनाओं का लाभ भी पूरी तरह नहीं मिल पाता।
निवासियों ने बुढ़िया नाले पर बने पुराने पुल के ढह जाने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि पुल टूटने से लोगों को रोजमर्रा के काम और बच्चों को स्कूल जाने में लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। कुछ लोग नाले पर पड़े पुराने बिजली के खंभे के सहारे जोखिम उठाकर आवाजाही करते हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। मंत्री ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को फोन कर समस्या का संज्ञान लेने और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
खुले दरबार में अन्य क्षेत्रों की समस्याएं भी सामने आईं। स्प्रिंग फील्ड कॉलोनी में टाइलिंग कार्य पूरा होने के बावजूद मार्केट के सामने दो स्थानों पर काम अधूरा रहने की शिकायत पर त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया गया। बल्ली नगर में ट्यूबवेल से जुड़ी समस्या का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
मंत्री ने कहा कि जनसेवा के उद्देश्य से ही वे राजनीति में आए हैं और प्रत्येक रविवार खुले दरबार के माध्यम से आमजन की समस्याएं सुनते हैं। कार्यक्रम में भूपेंद्र पांडेय, हरीश चंद्र, राकेश, रंजीत, देवेंद्र, अमित, अनुज, राधा बल्लभ, एम डी अख्तर, काके सिंह, कविता देवी, सीता देवी, सुशीला देवी और प्रवीन बैंसला सहित कई लोग मौजूद रहे।