फरीदाबाद स्टेट एजेंट वेलफेयर एसोसिएशन ने केंद्रीय मंत्री को भेजा पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। आगरा से होशियारपुर जाने वाली ट्रेन का बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन पर ठहराव निर्धारित करवाने की मांग को लेकर फरीदाबाद स्टेट एजेंट वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर को पत्र भेजा है। पत्र में इसे फरीदाबाद की जनता, विशेषकर पंजाबी एवं सिख समाज से जुड़ी महत्वपूर्ण जनहित की मांग बताया गया है।
संगठन के जिला महासचिव गुरमीत सिंह देओल ने कहा कि फरीदाबाद और बल्लभगढ़ क्षेत्र में पंजाबी एवं सिख समाज के हजारों परिवार रहते हैं। पंजाब में उनके पैतृक गांवों, गुरुद्वारों, धार्मिक स्थलों और रिश्तेदारों से आज भी उनके पारिवारिक एवं सामाजिक संबंध जुड़े हुए हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में लोग नियमित रूप से पंजाब की यात्रा करते हैं।
उन्होंने बताया कि ट्रेन का बल्लभगढ़ में ठहराव नहीं होने के कारण यात्रियों को दिल्ली जाकर ट्रेन पकड़नी पड़ती है। इससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त खपत होती है। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
पत्र में केंद्रीय मंत्री से रेल मंत्रालय एवं रेलवे अधिकारियों के समक्ष इस मांग को प्रभावी ढंग से उठाकर ट्रेन का बल्लभगढ़ स्टेशन पर नियमित ठहराव करवाने का आग्रह किया गया है। उनका कहना है कि ठहराव मिलने से फरीदाबाद सहित आसपास के हजारों यात्रियों को सीधा रेल संपर्क मिलेगा और दिल्ली की ओर जाने वाले निजी वाहनों का दबाव भी कम होगा।