पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-56 ने किया खुलासा
फरीदाबाद के गांव अटाली निवासी हुकमचंद 2016 से दिल्ली पुलिस में कार्यरत है
फरीदाबाद। पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-56 ने एटीएम को गैस कटर से काटकर नकदी उड़ाने वाले गिरोह का खुलासा किया है। इस मामले में दिल्ली पुलिस के एक सिपाही सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरोह ने भूपानी और सेक्टर-58 थाना क्षेत्र में दो एटीएम से कुल 12,24,300 रुपये उड़ाए थे। एक आरोपी बिहार की जेल में बंद है।
सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) अमन यादव ने बताया कि गिरोह का सरगना दिल्ली पुलिस का सिपाही हुकमचंद है। फरीदाबाद के गांव अटाली निवासी हुकमचंद (34 वर्ष) वर्ष 2016 से दिल्ली पुलिस में कार्यरत है। उसकी तैनाती साउथ-वेस्ट जिले के बिजवासन में पीसीआर पर थी। सिपाही पर काफी कर्ज था, जिसे चुकाने के लिए उसने अपने भतीजे अरविंद (26) के साथ मिलकर एटीएम लूटने की साजिश रची। सिपाही ने मच्छगढ़ स्थित एक दुकान पर विकास और राजू को गैस वेल्डिंग करते देखा। उसने युवकों को लालच देकर गिरोह में शामिल किया। योजना के अनुसार, 3/4 जुलाई की रात भूपानी मोड़ स्थित एटीएम को निशाना बनाया गया। विकास और राजू ने गैस कटर से एटीएम काटकर 6,53,300 रुपये चोरी किए। सिपाही हुकमचंद ने ही उन्हें गैस कटर और अन्य आवश्यक सामान उपलब्ध कराया था।
यूट्यूब पर वीडियो से ली ट्रेनिंग, सिपाही चुनता था ठिकाना
सिपाही हुकमचंद ने गिरोह को प्रशिक्षित किया। उसने आरोपियों को यूट्यूब पर वीडियो भेजे, जिनमें एटीएम और शटर काटने का तरीका सिखाया गया था। सिपाही ने समझाया कि नकदी वाला लॉकर सुरक्षित रहे और नोट जलने न पाएं। वारदात के लिए एटीएम का चुनाव, दिन और समय हुकमचंद ही तय करता था। वह गूगल पर स्थान साझा कर आरोपियों को भेजता था। वारदात के समय एटीएम बूथों पर कोई सुरक्षाकर्मी तैनात नहीं था। वारदात के समय सिपाही खुद मौके पर मौजूद नहीं रहता था।
सिपाही को बिना बताए दूसरी लूट, रिश्तेदार बने साझेदार
पहली वारदात के बाद राजू के जेल जाने पर विकास ने हुकमचंद से संपर्क तोड़ लिया। विकास ने अपने गांव सिसई, सिवान, बिहार से अपने भाई विशाल (19) और चचेरे भाई अभिषेक (19) को बुलाया। 26/27 जुलाई की रात तीनों ने सेक्टर-58 में जेसीबी चौक के पास स्थित एटीएम से 5,71,000 रुपये उड़ा लिए। अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दो अगस्त को लखनऊ के आलमबाग से विकास, विशाल और अभिषेक को गिरफ्तार किया। आरोपियों को पांच दिन की पुलिस हिरासत पर लिया गया है। दोनों वारदात में साजिशकर्ताओं ने बाहरी लोगों के बजाय अपने परिवार के सदस्यों पर भरोसा जताया। पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ के बाद पुलिस ने सिपाही हुकमचंद और उसके भतीजे अरविंद को गिरफ्तार किया है। सह-आरोपी राजू मोटरसाइकिल चोरी के मामले में बिहार जेल में बंद है। उसे जल्द ही पेशी वारंट पर फरीदाबाद लाया जाएगा।