हिरासत में लिए गए आरोपी से दिल्ली पुलिस की टीम कर रही पूछताछ
मौलवी पर व्हाइट कॉलर टेरर मॉड्यूल के संपर्क में होने का शक
डॉ. मुज्जमिल से संपर्क बताया जा रहा है मोलवी का
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। दिल्ली में लाल किले के पास हुए बम धमाके के बाद सुरक्षा एजेंसियां फरीदाबाद के धौज की अल-फलाह यूनिवर्सिटी और इस आतंकी मॉड्यूल से जुड़े हर संदिग्ध की जांच कर रही है। शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस की टीम ने फरीदाबाद के सिरोही गांव की बस अड्डा मस्जिद के मौलवी इमामुद्दीन को हिरासत में लिया। आरोपी से दिल्ली ले जाकर पूछताछ की जा रही है।
जांच एजेंसी के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सिरोही मस्जिद का मौलवी इमामुद्दीन इस व्हाइट कॉलर टेरर मॉड्यूल मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके डॉ. मुज्जमिल के संपर्क में था। शुरुआती जांच में ये पता चला है कि डॉ. मुज्जमिल अक्सर सिरोही गांव में इस मस्जिद में नमाज पढ़ने आता था। कुछ साल पहले मोलवी इमामुद्दीन की पत्नी की डिलीवरी के दौरान ये डॉ. मुज्जमिल के संपर्क में आया था। आस-पास के लोगों ने बताया कि मोलवी मेवात के कोट गांव का मूल निवासी है। वो यहां बीते 14 साल से बतौर मौलवी नमाज पढ़ाता है।
सूत्रों की मानें तो आरोपी मौलवी लगातार डॉ. मुज्जमिल के संपर्क में था और इस दौरान उसने कई अन्य लोगों को डॉ. मुज्जमिल से मिलवाया भी था। पुलिस टीम अब मोलवी से पूछताछ कर ये पता लगा रही है कि डॉ. मुज्जमिल उन किन-किन लोगों के संपर्क में रहा है। मौलवी से इन लोगों के नाम, पते व मोबाइल नंबर लिए जा रहे हैं। इसके साथ ही मौलवी के मोबाइल नंबर की भी पुलिस टीम जांच कर रही है।