केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के नेतृत्व में दिल्ली में भी हुई वार्ता
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। अनंगपुर गांव में प्रशासन की तरफ से की जा रही तोड़फोड़ के मुद्दे को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री नायब सैनी से मुलाकात कर गांव की समस्याओं को रखा। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि जल्द ही इस मामले का समाधान निकालने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि प्रतिनिधिमंडल में कृष्णपाल गुर्जर के अलावा गुरुग्राम से पहुंचे विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि शामिल थे। मुख्यमंत्री से बातचीत के दौरान अनंगपुर गांव की जमीन से जुड़ी सीईसी (क्लेम्स एंड ऑब्जेक्शंस) कमेटी के स्तर पर चल रही कार्रवाई और अन्य कानूनी पहलुओं पर भी चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल दिल्ली में सीईसी कमेटी से भी मिला ताकि मामले को कानूनी स्तर पर भी स्पष्टता के साथ रखा जा सके।
गौरतलब है कि बीते रविवार, 13 जुलाई को गांव अनंगपुर में ग्रामीणों और विपक्षी नेताओं ने मिलकर महापंचायत का आयोजन किया था। पंचायत में सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए थे। हालांकि केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने महापंचायत से पहले ही मुख्यमंत्री से बात करने और समाधान निकालने की पहल की थी। अब दिल्ली में होने वाली बैठक में भी सकारात्मक नतीजे आने की संभावना जताई जा रही है।