परिजनों से की मुलकात, कहा- आरोपियों को कड़ी सजा मिले
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। सेक्टर 62 के आशियाना फ्लैट्स में रहने वाले मृतक दीपक के परिजनों से रविवार को भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) के पदाधिकारी और जिले के ऑटो यूनियन के प्रधान मिले। बीएमएस की ओर से सरकार व प्रशासन से मांग की गई कि मृतक के परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाए। इसके अलावा सभी आरोपियों को कड़ी सजा मिले।
बीएमएस हरियाणा के महामंत्री योगेश शर्मा ने कहा कि ऑटो चालक की निर्मम हत्या की गई है। उसका एक साल का बेटा है। उसका पालन पोषण कैसे होगा। इसी को लेकर उनकी सरकार से मांग है कि सबसे पहले सभी आरोपियों को जल्द पकड़कर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए। उसके अलावा मृतक की पत्नी या परिवार के अन्य किसी भी व्यक्ति को सरकारी नौकरी दी जाए। ताकि मृतक की पत्नी व बच्चे का पालन पोषण हो सके। वहीं उसको प्रशासन की ओर से करीब 50 लाख रुपये की आर्थिक मदद भी की जाए। संघ के पलवल जिला मंत्री गुलाब सिंह का कहना है कि अभी पुलिस की ओर से किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। कुछ लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है, लेकिन कुछ आरोपी अभी फरार घूम रहे हैं।
इस मौके पर शैलेश, दिनेश चौहान, वासुदेव अहेरिया , नरेश, गोपाल, पप्पन, बाबू, जितेश कुमार प्रजापति, सुनील, लक्ष्मण, मनोज, हरवीर आदि ऑटो चालक भी मौजूद रहे।