विधानसभा में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने बताय
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। प्रदेश में तेजी से बढ़ती शहरी आबादी के बीच आवासीय सुविधाओं के विस्तार को लेकर सरकार की योजनाओं का असर अब जिलों में भी दिखाई देने लगा है। विधानसभा के बजट सत्र में दी गई जानकारी के अनुसार दीनदयाल आवास योजना के तहत हरियाणा में बड़े स्तर पर आवासीय विकास को बढ़ावा मिला है जिसका लाभ फरीदाबाद जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहरों को भी मिल रहा है।
विधानसभा में प्रश्न के उत्तर में कैबिनेट मंत्री व ओल्ड फरीदाबाद से विधायक विपुल गोयल ने बताया कि वर्ष 2016 से अब तक प्रदेश में दीनदयाल आवास योजना के अंतर्गत कुल 760 लाइसेंस जारी किए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से 7618.9 एकड़ से अधिक भूमि पर आवासीय विकास को स्वीकृति दी गई है। इन परियोजनाओं के जरिये मध्यम वर्ग और आम नागरिकों के लिए योजनाबद्ध आवासीय कॉलोनियां विकसित की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्रों में बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) द्वारा भी बड़े स्तर पर सेक्टरों का विकास किया जा रहा है। वर्तमान में एचएसवीपी के अंतर्गत 56 सेक्टरों में करीब 5529.20 एकड़ क्षेत्र में विकास कार्य चल रहे हैं। इन सेक्टरों में सड़क, पेयजल, बिजली, सीवरेज और अन्य शहरी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, जिससे आने वाले समय में हजारों परिवारों को बेहतर आवासीय माहौल मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद जैसे औद्योगिक और तेजी से बढ़ते शहर में आवास की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में दीनदयाल आवास योजना के तहत विकसित होने वाली कॉलोनियां और सेक्टर शहर के विस्तार और योजनाबद्ध विकास में अहम भूमिका निभा सकते हैं।