मदरसों में मजहबी के साथ उच्च स्तरीय शिक्षा दिलाई जाएगी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। ऊंचागांव स्थित मदरसा मख्जन उल उलूम में शनिवार को जमियत उलेमा जिला फरीदाबाद की कार्यकारिणी की बैठक हुई। यह बैठक जिला अध्यक्ष मौलाना जमालुद्दीन की अध्यक्षता में हुई। इस बैठक में बुराइयों के खिलाफ मुहिम चलाने का निर्णय लिया। साथ ही शिक्षा के लिए बच्चों को स्कूल और मदरसा में शिक्षा के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया गया। जिले के सभी मदरसों में मजहबी शिक्षा के साथ हिंदी और अंग्रेजी के अध्यापक रखकर उच्च स्तरीय शिक्षा दिलाई जाए। पूर्व महासचिव जमियत उलेमा हरियाणा पंजाब के मौलाना शौकत अली ने कहा समाज के बच्चे नशा, जुआ, सट्टा, धोखाधड़ी जैसी खतरनाक बुराइयों को अपना रहे हैं। इन बुराइयों को रोकने के लिए अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा इस बैठक में हजरत मौलाना अशरफ अली इमाम दिल्ली वाली मस्जिद बड़खल की निगरानी में एक कमेटी 7 लोगों की बनाई गई। जिसमें मौलाना शाहिद महासचिव जिला जमीयत बड़खल, हाजी सरदार खान, मौलाना इनामुल हसन कासमी , मौलाना अब्दुल सत्तार उप प्रधान जिला जमीयत लक्कड़पुर, हाफिज मोहम्मद शाहिद गोंछी, मौलाना निसार कासमी सेक्टर 62 , हाफिज मुहम्मद रहीस अटेरना शामिल हैं।