- कंपनी के मालिक सहित तीन के खिलाफ केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। शहर की भारत गैस एजेंसी के समीप इंटरनेट की लाइन लगाने के दौरान बिजली की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक्सट्रीम नेटवर्क कंपनी के 26 वर्षीय कर्मचारी की मौत हो गई। मृतक के भाई ने नेटवर्क कंपनी के मलिक सहित तीन लोगों पर छुट्टी के दिन काम करवाने के अलावा लापरवाही बरतने का आरोप लगाया हैं। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर तीनों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है।
जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार के अनुसार, यूपी के छाता के गांव खानपुर निवासी राजवीर शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका भाई देवेश शर्मा होडल में इंटरनेट चलाने वाली एक्सट्रीम नेटवर्क कंपनी में काम करता था। रविवार को दोपहर एक बजे के करीब कंपनी के मालिक दुष्यंत, अजीत वर्मा निवासी देवरिया यूपी व कंपनी के सुपरवाइजर ने छुट्टी के दिन उसके भाई को इंटरनेट वायर वाई-फाई केबल डालने के लिए बुला लिया।
लेकिन इन दौरान इन लोगों ने उसके भाई को बगैर बिजली को बंद करवाए व सुरक्षा उपकरण दिए बिजली के पोल पर चढ़ा दिया। बिजली के पोल पर चढ़ते ही बिजली की हाई टेंशन लाइन का करंट लगने से उसका भाई गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद आरोपी उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर इंटरनेट कंपनी के मालिक के अलावा दो अन्य लोगों के खिलाफ लापरवाही व गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। मामले में किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनकी तलाश में जुटी हुई है।