फरीदाबाद। विद्यालयों में अब तक दाखिला न लेने वाले छात्रों और उनके अभिभावकों के लिए राहत की खबर आई है। शिक्षा विभाग ने कक्षा 9वीं से 12वीं तक के दाखिले की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 अगस्त कर दी है।
विभाग द्वारा जारी आधिकारिक आदेशों के अनुसार, जिले के सभी राजकीय और निजी विद्यालयों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी योग्य छात्र शिक्षा से वंचित न रहे। इस निर्णय का मुख्य उद्देश्य उन विद्यार्थियों को एक और अवसर प्रदान करना है जो किसी कारणवश समय पर अपना दाखिला नहीं करा पाए थे। शिक्षा अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अंतिम तिथि का यह विस्तार छात्रों के भविष्य को सुरक्षित करने और ड्रॉपआउट दर को कम करने के उद्देश्य से किया गया है। विद्यालय प्रबंधकों को निर्देश जारी किए गए हैं कि वे प्रवेश प्रक्रिया को सरल बनाएं ताकि छात्रों और अभिभावकों को किसी अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। निजी स्कूलों को भी विभाग के इन आदेशों का कड़ाई से पालन करने के लिए कहा गया है। दाखिले से वंचित रह गए छात्र अब 31 अगस्त तक अपने नजदीकी राजकीय और निजी विद्यालय में जाकर प्रवेश संबंधी औपचारिकताएं पूरी कर सकते हैं। संवाद