10 नवंबर को कहीं चला गया था 25 साल का दीपक
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। गुरुग्राम नहर में रविवार को मिले शव की पहचान 10 नवंबर से लापता 25 साल के दीपक के तौर पर हुई। 11 नवंबर को युवक के लापता होने पर सराय ख्वाजा थाना में गुमशुदगी की एफआईआर दर्ज हुई थी। परिवार ने शक जताया है कि दीपक की हत्या कर शव नहर में फेंका गया है। पुलिस टीम मामले में जांच कर रही है।
मृतक के भाई लोकेश ने बताया कि वे तिलपत एरिया में रहते हैं। उनका छोटा भाई दीपक एक कंपनी में कैब चलाता था और 10 नवंबर 2024 को वो घर से गया था। दोस्त अजय के साथ बैठकर शराब पीने के दौरान अजय का मोबाइल कॉल करने के लिया और कुछ दूर पैदल बाते करते हुए गया। इसके बाद वो लापता हो गया था। अजय काफी इंतजार के बाद अपने मोबाइल के लिए दीपक के घर गया तो उसकी तलाश शुरू हुई। न मिलने पर 11 नवंबर को पुलिस को शिकायत दी गई। रविवार को पुलिस को दीपक का शव गुरुग्राम नहर में मिला।
पुलिस को नहर से मिले शव में युवक की जेब से मोबाइल मिला था। मोबाइल पूरी तरह खराब हो चुका था। पुलिस ने आईईएमआई नंबर के जरिये मोबाइल मालिक अजय का पता लगाया। अजय से पूछा गया तो दीपक की पहचान हुई। जिसके बाद परिवार से संपर्क किया गया। शव की हालत काफी खराब हो चुकी थी। मंगलवार को बीके अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम हुआ।
मृतक के भाई लोकेश ने शक जताया है कि दीपक की हत्या कर शव नहर में फेंका गया है। दीपक के दोस्तों पर ही हत्या का शक जताया गया है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि मामले में टीम जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा कि मौत कैसे हुई। जिसके आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।