कांवड़ यात्रा को लेकर डीसीपी सेंट्रल ने किया रूट का निरीक्षण नगर निगम अधिकारी, सिंचाई विभाग न एनएचएआई के अधिकारी रहे मौजूद
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। कांवड़ यात्रा चार जुलाई से शुरू हो रही है, जिसमें कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर डीसीपी सेंट्रल पूजा वशिष्ठ व एसीपी सराय देवेंद्र यादव ने थाना प्रभारी पल्ला, खेड़ी पुल, सेक्टर-17, बीपीटीपी, निगम , सिंचाई विभाग राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को साथ लेकर रूट का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा, यातायात समेत अन्य बातों पर ध्यान दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर लाखों यात्री हरिद्वार से कांवड़ लाकर भगवान शिव की आराधना करते हैं। हजारों कांवड़ यात्री फरीदाबाद से होकर पलवल, यूपी, राजस्थान, मध्यप्रदेश के विभिन्न स्थानों पर जाते हैं। कांवड़ यात्रा की सुरक्षा को लेकर पुलिस की तरफ से सुबह 4 बजे से 10 बजे तथा शाम 4 बजे से 10 बजे तक पीक ऑवर ड्यूटी तय की गई है। तीनों जोन के डीसीपी को जोन वाइज प्रभारी बनाया गया है। सभी भारी वाहनों की नो एंट्री की जाएगी। भारी वाहन व ट्रैक्टर केवल रात्रि 11.00 बजे से सुबह 4 बजे तक ही चल सकते हैं। प्रत्येक नाके पर सीसीटीवी कैमरे लाइट का प्रबंध, महिला/पुरुष बाथरूम का पूर्ण प्रबंध कराना सुनिश्चित किया जाएगा। किसी भी हिंसक घटना से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों की टीम को कांवड़ियों की वेशभूषा में पुलिस लाइन में तथा प्रत्येक शिविर में सादा वर्दी में गश्त के लिए ड्यूटी लगाई जाएगी।