पुलिस आयुक्त ने नशामुक्त गांव बनाने पर दिया जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार जिला प्रशासन ने बुधवार को गांव भसकौला में रात्रि ठहराव कार्यक्रम आयोजित किया। उपायुक्त विक्रम सिंह और पुलिस आयुक्त सत्येंद्र कुमार गुप्ता ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए।
उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत एक लाख रुपये वार्षिक आय वाले परिवारों की पात्र महिलाओं को 2100 रुपये मासिक सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि आगे फेज वाइज एक लाख 80 हजार आय वर्ग के परिवारों को भी शामिल किया जाएगा। डीसी ने सरपंचों से 31 अक्तूबर तक पात्र महिलाओं का शत प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने की अपील की ताकि वे एक नवंबर को हरियाणा दिवस पर पहली किश्त का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को सशक्त रूप से आगे बढ़ाने और नशा व अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने की भी बात कही।
पुलिस आयुक्त सत्येंद्र कुमार गुप्ता ने नशा मुक्त गांव को समाज की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि गांव को नशे से मुक्त रखना ग्रामीणों की जागरूकता और अनुशासन का परिणाम है। उन्होंने युवाओं को खेल, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों में आगे आने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।