संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-16 स्थित छत्रपति स्पोर्ट्स क्लब कॉम्प्लैक्स मैदान पर बृहस्पतिवार को डी नाइट राइडर्स और डी सुपर किंग्स के बीच 10 ओवर का रोमांचक मुकाबला खेला गया। इस मैच में डी नाइट राइडर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 27 रनों से जीत दर्ज की।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी डी नाइट राइडर्स की टीम ने निर्धारित 10 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 92 रन बनाए। टीम की शुरुआत मजबूत रही और बल्लेबाजों ने तेजी से रन बटोरे। कप्तान डिग्गी ने 36 रनों की अहम पारी खेली, जबकि रुस्त ने 31 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया। इसके अलावा दीपू ने भी 14 रनों का योगदान दिया। डी सुपर किंग्स की ओर से गेंदबाजी में हर्ष शर्मा ने दो ओवर में 25 रन देकर एकमात्र विकेट हासिल किया।
93 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी डी सुपर किंग्स की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। नियमित अंतराल पर विकेट गिरने के कारण टीम 10 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर केवल 65 रन ही बना सकी। टीम की ओर से अविनाश ने सर्वाधिक 25 रन बनाए, लेकिन वह टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके।
वहीं डी नाइट राइडर्स की ओर से गेंदबाजी में कप्तान डिग्गी और सुरजीत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो-दो विकेट अपने नाम किए। अंत में डी नाइट राइडर्स ने संतुलित खेल दिखाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
-
सूरज कुमार