आग लगने से कमरे में रखा सारा सामान जल गया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। एसी नगर में शनिवार सुबह दूध गर्म करते वक्त गैस सिलिंडर फटने से आग लग गई। रसोई की छत का कुछ हिस्सा ढह गया। आग की चपेट में आने से घर के अंदर रखा सारा सामान जल गया। गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं आई है।
एसी नगर निवासी संजू ने बताया कि छत पर रसोई है। शनिवार सुबह आठ बजे वह गैस पर दूध रखकर नीचे पति विकास को जगाने चली गईं। इस दौरान रसोई में तेज धमाका हुआ। धमाके की आवाज सुनकर वह भागकर गईं ताे देखा कि सिलिंडर फट गया है। रसोई की छत का एक हिस्सा भी ढह गया है। रसोई में लगी आग के कारण साथ में बने कमरे में भी आग लग गई। कमरे व रसोई के अंदर रखा सारा सामान जल गया। मामले की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।