गुड इयर चौक के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। नेशनल हाईवे की सर्विस रोड पर बृहस्पतिवार शाम तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
सेक्टर-8 थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, सेक्टर-8 पुलिस चौकी में तैनात हेड कांस्टेबल जावेद हुसैन ने बताया कि वह गुरुवार शाम सिपाही जसवीर के साथ गुड इयर चौक से गुड़गांव कैनाल रोड की ओर गश्त पर थे। इसी दौरान उन्होंने सर्विस रोड पर देखा कि साइकिल से जा रहे एक व्यक्ति को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही साइकिल सवार सड़क पर गिर गया, जबकि बाइक सवार हादसे के बाद मौके से भाग निकला। आरोपी बाइक को घटनास्थल पर ही छोड़ गया। हेड कांस्टेबल जावेद हुसैन ने सिपाही की मदद से घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक के पास कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिले हैं, जिसके चलते उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है और बाइक के नंबर के आधार पर आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।