आरोपियों से 12 मोबाइल फोन, 27 फर्जी सिम, 02 एटीएम कार्ड व मोटरसाइकिल बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह । जिले की साइबर क्राइम पुलिस ने 14/15 अगस्त को एक संगठित साइबर ठगी गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके खिलाफ केस दर्ज कर काफी मात्रा में साइबर ठगी में प्रयुक्त होने वाला सामान बरामद किया है। आरोपियों के कब्जे से 27 फर्जी सिम कार्ड, 12 मोबाइल फोन, 02 एटीएम कार्ड, 05 डेबिट कार्ड, एक आधार कार्ड, एक पैन कार्ड वह दो मोटरसाइकिल और अन्य सामान बरामद किया हैं।
उप-पुलिस अधीक्षक मुख्यालय नूंह हरिंदर कुमार ने बताया कि बीते गुरुवार/शुक्रवार को कार्रवाई की गई। जिसमें अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग करने वाले आसिफ पर आरोप है कि वह आमजन को व्हाट्सएप वीडियो कॉलिंग के जरिए जाल में फंसाकर उनकी अश्लील वीडियो बनाता था और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर पैसों की वसूली करता था। आसिफ से एक मोबाइल और दो फर्जी सिम कार्ड बरामद हुए हैं ।
दूसरे मामले में सचिन , साहिल गहलोत, अमित और साहिल को गिरफ्तार किया गया है। इन पर आरोप है कि वे बड़ी मात्रा में फर्जी सिम कार्ड और एटीएम कार्ड अपने पास रखकर साइबर फ्रॉड को अंजाम देते थे। इसी प्रकार तीसरे मामले में आरिफ और दिलशाद पर आरोप है कि उन्होंने अपनी पहचान छुपाकर फर्जी मोबाइल नंबर और व्हाट्सएप अकाउंट बनाकर लोगों को मदद के बहाने ठगा और नकली सिम कार्ड अपने कब्जे में रखे।
जबकि चौथे मामले में खिलौने बेचने के नाम पर ठगी का आरोप है । जिसमें आरोपी सरफराज पर आरोप है कि उसने मोबाइल फोन और इंटरनेट का इस्तेमाल कर लोगों को खिलौने सस्ते दाम पर बेचने का झांसा दिया और एडवांस पेमेंट लेकर रकम हड़प ली। वहीं पांचवें मामले में फर्जी सिम व एटीएम कार्ड कब्जे में रखने का आरोप है, जिनमें आरोपी धर्मेंद्र को गिरफ्तार किया गया है।आरोपी फर्जी सिम का इस्तेमाल साइबर ठगी के लिए करता था। पुलिस के अनुसार, इन मामलों में बरामद सभी सिम, एटीएम कार्ड और दस्तावेजों की जांच की जा रही है। आरोपी आसिफ को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है ।