-सीएससी केंद्र पर ऑनलाइन फॉर्म भरवाने के लिए पैसे दिए थे, काम न होने से नाराज था युवक
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। पैसे देने के बाद भी ऑनलाइन फाॅर्म न भरने पर गांव छांयसा में सामान्य सेवा केंद्र (सीएससी) संचालक के गले में युवक ने दांत से काट लिया। पीड़ित ने बताया कि युवक ने करीब तीन सेंटीमीटर घाव बना दिया और मांस के टुकड़े को चबा लिया। केंद्र संचालक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने संचालक को फाॅर्म भरने के लिए पैसे दिए थे लेकिन वह काम नहीं कर रहा था। थाना छांयसा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
गांव मोहना निवासी योगेश अत्री ने बताया कि उनका गांव में सीएससी सेंटर है। 24 अगस्त की सुबह गांव मोहना निवासी शिवदत्त शर्मा और उसका बेटा दयाचंद उनके घर आए। दोनों ऑनलाइन फाॅर्म न भरे जाने का पर उससे गाली-गलौज व मारपीट करने लगे। योगेश के भाई और उसकी पत्नी ने इसका विरोध किया तो उनपर भी दोनों ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया। इस दौरान दयाचंद ने केंद्र संचालक योगेश के गले पर दांतों से काट लिया। आरोपी काफी देर तक दांतों से उसके गले को पकड़े रहा। इस दौरान योगेश चीखता रहा लेकिन गुस्से में योगेश ने उसके गले का करीब 3 सेंटीमीटर मांस का टुकड़ा निकाल दिया। दयाचंद मांस के टुकड़े को मौके पर ही चबा गया। चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोग आए तो दोनों फरार हो गए। परिजन योगेश को उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए।
-
पैसे लेने के बाद भी काम न करने पर वारदात
थाना छांयसा प्रभारी रणवीर ने बताया कि आरोपी दयाचंद ने काफी समय पहले संचालक योगेश को कोई ऑनलाइन फॉर्म भरने के लिए पैसे दिए थे। पैसे लेने के बाद भी वह उसका काम नहीं कर रहा था। कई बार वह दुकान के चक्कर लगाता रहा, लेकिन काम नहीं हुआ। इस बात से दयाचंद नाराज था। कार्य न होने पर आरोपी ने घर पर जाकर मारपीट की। पुलिस ने आरोपी दयाचंद को गिरफ्तार कर लिया है।