बिहार और पूर्वांचल के लिए सीधी ट्रेन नहीं होने से बढ़ रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। छठ पर्व पर घर लौटने की तैयारी कर रहे पूर्वांचली परिवारों की वजह से फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी है। बिहार और पूर्वांचल के लिए फरीदाबाद से सीधी ट्रेन नहीं होने के कारण लोगों को पहले यहां से दिल्ली जाना पड़ रहा है। इसके बाद दिल्ली के रेलवे स्टेशनों से अपने गंतव्य के लिए ट्रेन पकड़नी पड़ती है। त्योहार पर घर पहुंचने की जल्दबाजी में बड़ी संख्या में लोग परिवार और सामान के साथ स्टेशन पहुंच रहे हैं। इसका असर फरीदाबाद से दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में भी दिखाई देने लगा है, जिससे दैनिक यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
नौकरी और दूसरे कामों के लिए रोजाना दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों को अब इस अतिरिक्त भीड़ का सामना करना पड़ रहा है। सुबह और शाम के व्यस्त समय में ट्रेनों में यात्रियों का दबाव अत्यधिक बढ़ने से सफर मुश्किल हो रहा है। ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही उसमें चढ़ने के लिए यात्रियों में होड़ लग जाती है, जिससे कई बार धक्का-मुक्की की स्थिति बन जाती है। त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों के साथ रोजाना सफर करने वाले नौकरीपेशा लोगों को भी ट्रेन में चढ़ने और बैठने के लिए भारी जद्दोजहद करनी पड़ रही है।
यात्री रघुवीर ने बताया कि परिवार और भारी सामान के साथ पहले दिल्ली जाना और फिर वहां से बिहार की ट्रेन पकड़ना बेहद थका देने वाला है। रेलवे को त्योहारों पर फरीदाबाद से ही सीधी ट्रेन चलानी चाहिए। वहीं, दैनिक यात्री संजू ने बताया कि छठ की भीड़ के कारण सुबह-शाम लोकल ट्रेनों में पैर रखने की जगह नहीं मिल रही है। रोज ड्यूटी जाने वालों का शेड्यूल बिगड़ गया है। इन दिनों में लोकल ट्रेनों के फेरे बढ़ने चाहिए।