होली के बाद औद्योगिक नगरी में काम करने वाले लोग लौट रहे वापस
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। होली मनाने के लिए दूसरे राज्यों में अपने घर गए लोग रविवार से वापस लौटने लगे हैं। लोगों की संख्या को देखते हुए रोडवेज बसों में भारी भीड़ देखने को मिल रही है। सुबह से लेकर देर शाम तक लोग रोडवेज बसों का सहारा लेकर अपने घर औद्योगिक नगरी पहुंचते हुए नजर आए। यात्रियों की भीड़ के चलते रोडवेज विभाग की ओर से अतिरिक्त बसों का संचालन किया गया।
औद्योगिक नगरी में काम करने वाले लोग होली मनाने के लिए हर वर्ष की तरह इस बार भी अपने घर गए थे। तीन दिन पहले जिले से अपने घर जाने के लिए बस डिपो के अंदर व बाहर यात्रियों की भीड़ देखने को मिल रही थी। वहीं अब वापस फरीदाबाद आने के लिए वापसी वाली बसों में भीड़ देखने को मिल रही है। सोमवार को ड्यूटी पर जाने के चलते देर शाम तक डिपो में वापसी वाली बसों में भीड़ देखने को मिली। जिसमें सबसे ज्यादा भीड़ अलीगढ़, मथुरा और आगरा की बस में रही। वापसी करने वाले लोगों की भीड़ सुबह में ज्यादा शाम को देखने को मिली। इसके अलावा देर रात को भी बड़ी संख्या में लोग रोडवेज बस स्टैंड पर उतरते हुए नजर आए। बस स्टैंड से गांव व अपने घर तक जाने के लिए लोगों ने निजी वाहनों का सहारा लिया। वहीं जहां के लिए रोडवेज की सुविधा थी। वहां के लिए रोडवेज बस में सफर करते हुए यात्री नजर आए। ड्यूटी इंचार्ज भागीरथ शर्मा ने बताया कि डिपो से जाते हुए बस में सवारियों की संख्या कम थी, लेकिन वापसी आने वाली बसों में भीड़ है। जिसके चलते डिपो से अतिरिक्त बसों को चलाया जाएगा।