रचना हत्याकांड
रोज के झगड़े से परेशान पति ने गला दबाकर की थी पत्नी की हत्या
- भाई व एक रिश्तेदार के साथ मिलकर दिया हत्याकांड को अंजाम
- तीनों आरोपी गिरफ्तार, रिमांड पर लिया पुलिस ने
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। जॉनी कॉलोनी, मुजेसर निवासी रचना की हत्या रोज-रोज के झगड़ों से तंग आकर उसके पति बंसत ने ही अपने भाई व एक रिश्तेदार के साथ मिलकर की थी। हत्या के बाद तीनों रचना के शव को ऑटो में डालकर सोहना रोड पर सरुरपुर नाले में फेंक आए थे। नाले के सामने पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में आरोपी ऑटो से निकालकर शव को नाले में फेंकते दिख रहे हैं। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
रविवार को मुजेसर थाना पुलिस ने सोहना रोड पर सरुरपुर नाले से एक महिला का शव बरामद किया था। पुलिस मृतका की पहचान में जुटी ही थी कि थोड़ी देर बाद जॉनी कॉलोनी, मुजेसर निवासी बसंत कुमार ने थाना मुजेसर में अपनी पत्नी रचना के लापता होने की शिकायत दी। पुलिस ने नाले से मिले के शव को उसे दिखाया तो उसने मृतका की पहचान अपनी पत्नी रचना के रूप में की। बसंत ने पुलिस को बताया कि उसने करीब छह साल पहले रचना के साथ प्रेम विवाह किया था। मूलरूप से गांव लोहई, मथुरा निवासी बसंत काम की तलाश में यहां आकर बस गया था। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि शनिवार रात को रचना और बसंत के बीच झगड़ा हुआ था। क्राइम ब्रांच डीएलएफ प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि जांच के दौरान इस हत्याकांड में पुलिस को मृतका के पति बसंत पर शक हुआ। पुलिस ने उससे पूछताछ की और नाले के सामने पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जो सारा मामला खुल गया। पुलिस ने इस मामले में मृतका के पति बसंत, बसंत का भाई नेत्रपाल व एक रिश्तेदार यशवंत उर्फ भोला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने तीनों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
-----------
रोज-रोज के झगड़ों से परेशान था बसंत
पूछताछ के दौरान बसंत ने पुलिस को बताया कि उसने करीब छह साल पहले रचना के साथ प्रेम विवाह किया था। हालांकि उस समय रचना शादी शुदा थी, मगर उसके प्रेम के चलते अपने पहले पति को छोड़ कर उसके साथ आ गई। शादी के कुछ समय बाद ही दोनों में झगड़े होने लगे। पुलिस के अनुसार झगड़े के दौरान रचना कई बार इतनी उग्र हो जाती कि वह छत पर चढ़ कर चिल्लाने लगती और उसके माता-पिता को गालियां देती। इतना ही नहीं पिछले दिनों एक पारिवारिक समारोह में रचना के सभी के सामने बसंत को मारने के लिए चप्पल उठा ली थी। इसके बाद से बसंत ने उसे ठिकाने लगाने की ठान ली थी। घटना वाली रात भी रचना और बसंत के बीच अपने दो साल के बेटे का जन्मदिन मनाने को लेकर झगड़ा हुआ था। बसंत उसका जन्मदिन गांव में मनाना चाहता था, जबकि रचना चाहती थी उसके बेटे का जन्मदिन यहीं मनाया जाए।
भाई के साथ मिलकर बनाई योजना
मामले के जांच अधिकारी व साइबर एक्सपर्ट उपनिरीक्षक नरेंद्र शर्मा ने बताया कि रचना की हत्या से करीब एक सप्ताह पहले बसंत गांव महेश्वरी, रेवाड़ी में रहने वाले अपने भाई नेत्रपाल से मिलने गया। वहां उसने अपने भाई को सारी बात बताई और रचना से छुटकारा पाने के लिए उसकी हत्या करने की बात कही। नेत्रपाल से अपने दूर के एक रिश्तेदार भोला को भी वहां बुलाया और तीनों ने मिलकर पांच मई की रात रचना की हत्या करने की योजना तैयार की। पांच मई की रात नेत्रपाल और भोला रेवाड़ी से ऑटो लेकर यहां पहुंचे। रात करीब 12.30 बजे वे बसंत के घर गए। नेत्रपाल बाहर ऑटो में बैठा रहा और भोला अंदर चला गया। पुलिस के अनुसार भोला ने रचना के पैर पकड़े और बसंत ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद तीनों रचना के शव को ऑटो में डालकर नाले तक लाए और वहां शव को फेंक कर फरार हो गए।