ताजूपुर हत्याकांड में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
फरीदाबाद। गांव ताजूपुर में गत 15 मार्च को बड़ी ही बेरहमी से मनोज नाम के युवक की कारों से कुचल कर हत्या करने के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मृतक के परिजनों ने पुलिस आयुक्त अमिताभ सिंह ढिल्लो से मुलाकात की। पुलिस आयुक्त ने उन्हें बताया कि एक आरोपी कपिल अधाना को तिगांव से गिरफ्तार किया है। उसे अदालत में पेश कर तीन दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है। अन्य आरोपितों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मृतक के भाई ने विनोद ने बताया कि बदमाशों ने गांव में उसके भाई को घर के बाहर गाड़ियों से बेरहमी से कुचल कर मार दिया था। मगर पुलिस दबंगों के आगे बौनी साबित हो रही है और अभी तक केवल एक ही आरोपी को पकड़ा है, जबकि सात अन्य खुलेआम घूम रहे हैं। ग्रामीणों ने पुलिस आयुक्त से सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलवाने की मांग की। पुलिस आयुक्त के साथ मुलाकात के दौरान प्रदीप चौधरी, बलबीर सिंह, रविंद्र पाराशर, नंदपाल, अरविंद भारद्वाज, बिजेंद्र, मदनपाल, नरेश, अनूप सिंह, सोरन सिंह, सोनू सिंह, ओमपाल सिंह, वीरेंद्र सिंह, धर्मदेव, छत्तर सिंह, विजेंद्र सिंह, रवि सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे। उधर गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि उस रात उसने व उसके साथियों ने अत्यधिक शराब पी हुई थी। नशे के कारण उन्हें गुस्सा आ गया और वारदात कर डाली। पुलिस इसके फरार साथियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। ब्यूरो