घर में सेंध लगा चोरों ने उड़ाए 15 लाख रुपये व जेवर
फरीदाबाद। परिवार के साथ चंडीगढ़ घूमने गए सेक्टर-28 निवासी सेवानिवृत कर्नल सुनील कुमार के घर में सेंध लगा चोर वहां से करीब 15 लाख रुपये नकद व 55 तोले सोने के जेवर चोरी कर ले गए। इसी तरह वैष्णो देवी की यात्रा पर गए सेक्टर-21डी निवासी लीलानाथ अग्रवाल के घर से भी चोर नकदी व जेवर उड़ा ले गए। पुलिस ने दोनों मामले दर्ज कर इनकी जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-28 निवासी कर्नल सुनील कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने परिवार सहित 18 से 22 मई तक चंडीगढ़ गए थे। 22 मई शाम को वे चंडीगढ़ से लौटे तो देखा कि घर में सारा सामान फैला हुआ है और अलमारी के ताले टूटे हुए हैं। घर की छत का दरवाजा तोड़कर चोर अंदर आए थे और उन्होंने पूरी तसल्ली से वारदात को अंजाम दिया। सुनील कुमार के अनुसार चोर घर में रखे करीब 55 तोले सोने के जेवर व करीब 15 लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए। उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर सेक्टर-31 थाना पुलिस सहित फोरेंसिक टीम व डॉग स्कवेड को मौके पर बुलाया गया। इस दौरान फोरेंसिक टीम ने मौ2के से कुछ फिंगर प्रिंट जांच के लिए उठाए हैं। पुलिस ने उनकी शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इसी तरह चोरों ने सेक्टर-21 डी निवासी लीलानाथ अग्रवाल के घर से भी सोने-चांदी के जेवरात व 50 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना के समय अग्रवाल परिवार वैष्णो देवी की यात्रा पर गए थे। जब वह 20 मई को वापस आए तो पता चला कि चोरों ने उनके घरों के ताले तोड़कर नकदी व जेवर उड़ा लिए। इसी प्रकार मलेरना रोड निवासी जयप्रकाश निवासी कुछ दिन पहले अपने परिवार के साथ बाहर गए हुआ था। 19 मई को चोर उसके घर का ताला तोड़कर घर से सोने-चांदी के जेवरात व 35 हजार रुपये चोरी कर लिए। पुलिस इनकी जांच में जुटी है।