आरटीआई लगा अवैध वसूली करने वाला गिरफ्तार
फरीदाबाद। बर्फ खाना संचालकों के खिलाफ आरटीआई लगा उनसे अवैध वसूली करने के आरोप में थाना सारन पुलिस ने एक युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ करने में जुटी है।
एनआईटी-3 निवासी हरीश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि खुद को अखिल भारतीय महासभा का सदस्य बताने वाला रविंद्र भाटी नाम के एक युवक ने उनके खिलाफ झूठी शिकायत व आरटीआई लगाकर उनसे पहले 50 हजार रुपये वसूले थे और अब हर माह 20 हजार रुपये देने को कह रहा है। इस बारे में जब हरीश कुमार ने अन्य बर्फ खाना संचालकों सागर भाटिया, श्याम दुआ व अश्वनी भाटिया से बात की तो उन्होंने बताया कि आरोपी उनसे भी इसी तरह से पैसे मांगता है और पिछले काफी समय से वसूली कर भी रहा है।
इतना ही नहीं आरोपी ने बर्फ खाना संचालकों को धमकी भी दी थी कि उन्होंने 20 हजार रुपये मासिक नहीं दिए तो उनके लिए अच्छा नहीं होगा। शुक्रवार को रविंद्र भाटी ने हरीश कुमार को पैसे देने के लिए थाना सारन क्षेत्र में बुलाया था। इस पर उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस में कर दी। पुलिस ने पैसे देने के दौरान रविंद्र भाटी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से 20 हजार रुपये भी बरामद कर लिए। थाना सारन प्रभारी बिजेंद्र सिंह ने आरोपी को गिरफ्तार किए जाने की पुष्टि की है।