262 किलोग्राम चांदी के साथ तीन गिरफ्तार
फरीदाबाद। बल्लभगढ़ जीआरपी और आरपीएफ ने संयुक्त जांच अभियान के दौरान तेलंगाना एक्सप्रेस के दिव्यांग कोच में सफर कर रहे तीन यात्रियों से 262 किलोग्राम चांदी और उससे बरामद बरामद की।
बल्लभगढ़ जीआरपी थाने में तैनात एएसआई सूरजपाल ने बताया कि सोमवार को जीआरपी और आरपीएफ की टीमें संयुक्त जांच अभियान चला रही थीं। सुबह 7.50 बजे तेलंगाना एक्सप्रेस ट्रेन आकर रुकी। टीम ने दिव्यांग डिब्बे की जांच शुरू की। ट्रेन में बैठे तीन युवक पुलिस को देख कर घबराए तो शक के आधार पर उनके सामान की तलाशी ली गई। उनके पास से ढेर सारी मात्रा में चांदी और चांदी से बना सामान बरामद हुआ। तीनों को पकड़ लिया गया। उन्होंने अपना नाम पप्पी गोला, जगदीश प्रसाद और किशोर निवासी मथुरा बताया। तीनों का थाने लाकर पूछताछ की गई। उन्होंने बताया कि वह मथुरा में एक सेठ की चांदी लेकर दिल्ली सदर बाजार में छोड़ने ला रहे थे। चांदी बरामद होने की जानकारी आयकर विभाग को दी गई। करीब अस्सी लाख रुपये कीमत की चांदी के बारे में आयकर विभाग की टीम तीनों से पूछताछ कर रही है।