ऑटो गैंग ने सवारी से चाकू के बल पर की लूटपाट
फरीदाबाद। गुरुग्राम स्थित ऑफिस से छुट्टी होने के बाद लौट रहे एक व्यक्ति से ऑटो गैंग ने लूटपाट की और फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-3 निवासी बलबीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गुरुग्राम स्थित एक कंपनी में नौकरी करता है। 4 दिसंबर को कंपनी से छुट्टी होने के बाद वह घर लौट रहा था। अजरौंदा चौक से वाईएमसीए चौक जाने के लिए वह ऑटो में सवार हुआ। ऑटो में चालक सहित चार लोग थे। बाटा चौक के पास चालक ने ऑटो रोक दिया और लघु शंका करने चला गया। वापस आकर उसने ऑटो सवार एक अन्य युवक को ऑटो चलाने के लिए बैठा दिया, जबकि खुद उसके साथ बैठ गया। इससे पहले की बलबीर सिंह कुछ समझ पाते, चालक ने उनकी गर्दन पर चाकू लगा दिया। बदमाशों ने उससे सारा सामान निकालने को कहा। विरोध करने पर बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और पर्स व बैग छीनकर उन्हें धक्का देकर भाग गए। पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस में की। बलबीर ने बताया कि बदमाश आपस में राहुल खान, तुल्ली और भीजन नाम ले रहे थे। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।