घरेलू विवाद से परेशान था चालक, फांसी लगाई
फरीदाबाद। एसी नगर में तोड़फोड़ के बाद रास्ता बंद होने से परेशान ऑटो चालक ज्ञान रतन (55) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मगर पुलिस इससे इनकार कर रही है। पुलिस का कहना है कि ज्ञान रतन ने घरेलू विवाद के चलते फांसी लगाई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है।
ज्ञानरतन के परिजनों का आरोप है कि कुछ दिन पहले नगर निगम ने एसी नगर में कबाड़ मार्केट हटाकर वहां मालिक को जमीन पर कब्जा दिलाया था। जमीन के मालिक ने दीवार कराकर अपनी जमीन कब्जे में ली। इसके चलते ज्ञानरतन के घर का रास्ता बंद हो गया था। रात में वह ऑटो को अपने घर तक नहीं ले जा पा रहा था। रात में उसे घर से दूर ऑटो खड़ा करना पड़ता था। ऑटो चोरी होने के डर से वह तनाव में था और उसने फांसी लगा ली। फिलहाल पुलिस उसके बेटे संतोष के इसी बयान पर कार्रवाई कर रही है। वहीं पुलिस का कहना है कि ज्ञानरतन के आत्महत्या करने के बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए थे। मगर संस्कार नहीं हो सका और स्वर्ग आश्रम वालों ने उन्हें पुलिस को सूचित करने को कहा। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचित किया और पोस्टमॉर्टम कराया। परिजनों ने इससे इनकार कर दिया। ब्यूरो