फरीदाबाद सेक्टर-18 में मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने एक महिला पर नशीला स्प्रे कर बेसुध कर दिया और उसके गहने लूटकर फरार हो गए। ओल्ड फरीदाबाद थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में किसान मजदूर कॉलोनी खेड़ी पुल निवासी प्रीति ने बताया कि शनिवार शाम को किसी काम से ओल्ड फरीदाबाद मार्केट आई हुई थी। लौटते समय सेक्टर-18 राजीव नगर में मोटरसाइकिल सवार दो युवक उसके पास आकर रुके।
इससे पहले की महिला कुछ समझ पाती, उनमें से एक युवक ने उसके चेहरे पर कोई स्प्रे कर दिया। इससे वह बेसुध हो गई। काफी देर तक वह नजदीक ही एक स्कूल की दीवार के पास बैठी रही।
होश आने पर प्रीति ने देखा कि उसके गहने गायब थे। घर पहुंचकर उसने परिजनों को सारी बात बताई। इस पर परिवार के लोग प्रीति को लेकर ओल्ड फरीदाबाद थाने पहुंचे और शिकायत दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।