कारोबार के नाम पर 6.57 लाख रुपये ठगे
फरीदाबाद। जैविक खेती के बीजों का कारोबार करने के नाम पर एक व्यक्ति से साढ़े छह लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी हो गई। मुजेसर थाना पुलिस ने पीड़ित व्यक्ति की शिकायत पर कोहिमा नागालैंड की एक युवती के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। साइबर सेल मामले की जांच कर रही है। सेक्टर-23ए निवासी एसएस गुप्ता ने मुजेसर थाने में दी शिकायत में बताया कि अप्रैल 2018 में कोहिमा नगालैंड की सचिन एग्रो क्वालिटी हर्बल सीड्स कंपनी की ओर से उनके पास फोन आया था। फोन करने वाली युवती ने अपना नाम अंजली बताया। उसने उन्हें जैविक खेती के लिए तैयार होने वाले बीजों का कारोबार करने के लिए बातचीत की। इसकी एवज में उन्होंने 6.57 लाख रुपये उसके खाते में स्थानांतरित कर दिए। मगर उसके बाद उसका नंबर बंद हो गया। एसएस गुप्ता की शिकायत पर जांच साइबर सेल को सौंप दी गई थी। शुक्रवार को जांच के बाद मुजेसर थाने में मामला दर्ज किया गया। ब्यूरो