डीजे बंद करवाने पर हंगामा, हवाई फायरिंग
बल्लभगढ़। अहीरवाड़ा स्थित बाला जी वाटिका में बच्चे के जन्मदिन को लेकर आयोजित पार्टी में डीजे पर नाचने के दौरान झगड़ा होने पर उसे बंद करवाने से नाराज लोगों ने वाटिका कर्मचारियों के साथ झगड़ा करना शुरू कर दिया। आरोप है कि इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने फायरिंग कर वाटिका प्रबंधक से 72 हजार रुपये छीन लिए और फरार हो गए। थाना शहर बल्लभगढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बल्लभगढ़ निवासी योगेश शर्मा ने 30 नवंबर को अपने बेटे के जन्मदिन की पार्टी अहीरवाड़ा स्थित बाला जी वाटिका में रखी थी। पार्टी के दौरान रात करीब दस बजे डीजे पर नाचते हुए वहां कुछ लोगों का झगड़ा होने लगा। झगड़ा और रात को दस बजे के बाद डीजे बजाने की पाबंदी होने के कारण वाटिका प्रबंधक दीपक कदम ने डीजे बंद करवा दिया। इस पर वहां नाच रहे लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया और वाटिका प्रबंधक के साथ झगड़ा करने लगे। दीपक कदम का आरोप है कि इस दौरान पार्टी में आए किसी व्यक्ति ने पिस्तौल निकाल कर हवाई फायरिंग करनी शुरू कर दी। उसने तीन राउंड फायर किए। झगड़े की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत करवाकर वहां से भेजा। दीपक कदम ने बताया कि झगड़े के दौरान किसी ने उनकी जेब में रखे 72 हजार रुपये निकाल लिए। पुलिस ने दीपक कदम की शिकायत पर झपटमारी और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।