बाइक सवार बदमाशों ने युवक को लूटा
फरीदाबाद। नेशनल हाईवे भी अब यात्रियों के लिए सुरक्षित नहीं है। बुधवार देर रात दो बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार कर जान लेने का डर दिखा कर गर्ग कॉलोनी निवासी दीपक को लूट लिया और आराम से फरार हो गए। शहर बल्लभगढ़ थाने की पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।
दीपक सिंह के मुताबिक, बुधवार देर रात वह किसी काम से फरीदाबाद जाने के लिए अपनी कार लेकर घर से निकले थे। नेशनल हाईवे के ओवर ब्रिज पर राजा नाहर सिंह मेट्रो स्टेशन के पास उसकी कार में कुछ खराबी आ गई। वह कार किनारे खड़ी कर उसे सही करने का प्रयास कर रहा था। इस दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक उसे क्रॉस करते हुए आगे निकल गए। थोड़ी दूर जाने के बाद दोनों लौटे और उनसे पूछा कि यहां क्या कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कार खराब हो गई है। आरोप है कि इस पर एक युवक ने तमंचा निकाल कर उनकी कनपटी पर लगा दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए कीमती सामान चुपचाप हवाले करने को कहा। दूसरे साथी ने दीपक का मोबाइल, जेब में रखे 700 रुपये, एटीएम कार्ड आदि के साथ अंगुली से अंगूठी और गले की चेन भी उतार ली। इसके बाद दोनों बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। मामले की जांच कर रहे शहर बल्लभगढ़ थाने के एएसआई श्रीराम ने बताया कि लूट का केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है।