एटीएम उखाड़कर ले जा रहे थे, पीसीआर देख भागे
फरीदाबाद। सोहना रोड स्थित इंडस इंड बैंक के एटीएम को गैस कटर से काटकर उसमें से करीब 16 लाख रुपये उड़ाने का मामला अभी सुलझा भी नहीं था कि शनिवार तड़के पिकअप गाड़ी में सवार होकर आए बदमाशों ने समयपुर रोड पर एक एटीएम उखाड़ लिया। पिकअप गाड़ी में एटीएम लादने के दौरान गश्त कर रही पुलिस पीसीआर मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया, मगर वे पुलिस पीसीआर में टक्कर मारकर फरार हो गए। इस घटना में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
समयपुर रोड स्थित केनरा बैंक के एटीएम को शनिवार तड़के करीब 4 बजे पिकअप गाड़ी सवार बदमाशों ने उखाड़ कर ले जाने का प्रयास किया, मगर पुलिस की मुस्तैदी के चलते वे कामयाब नहीं हो सके। पुलिस के अनुसार, पिकअप गाड़ी में सवार होकर आए 5 युवक समयपुर रोड स्थित एटीएम बूथ पर पहुंचे। इनमें से दो पिकअप में बैठे रहे, जबकि तीन बूथ के अंदर चले गए। बूथ में जाते ही मुंह पर गमछा बांधे तीनों युवकों ने उसमें लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़ दिया। इसके बाद बदमाशों ने पीछे से आरी से एटीएम को काटा और फिर आगे के नट खोल कर उसे अलग कर लिया।
इसके बाद बदमाश मशीन को खिसकाकर बूथ के गेट तक ले आए। इस दौरान सेक्टर-55 थाने की पीसीआर गश्त करते हुए मौके पर आ गई। बदमाशों को एटीएम उखाड़ कर ले जाते देख पुलिस ने पीसीआर गाड़ी पिकअप के आगे लगा दी, ताकि वे भाग न सकें। इस पर चारों बदमाश एटीएम छोड़ कर पिकअप में सवार हो गए और पुलिस पीसीआर में तीन-चार जोरदार टक्कर मारी और पिकअप गाड़ी को दौड़ा ले गए। पीसीआर में उस समय एक निजी ड्राइवर के साथ हवलदार महेंद्र, सिपाही संदीप सवार थे। टक्कर से महेंद्र का पैर आगे की खिड़की में फंस गया और कांच टूटने से भी उनको चोट लगी। इसके बावजूद पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया, मगर वे निकल भागने में कामयाब हो गए।
इस घटना से तीन दिन पहले ही 25 जुलाई को सोहना रोड स्थित इंडस इंड बैंक के एटीएम को कटर से काट कर बदमाश उसमें से करीब 16 लाख रुपये चुरा ले गए थे। पुलिस अभी उस मामले में भी कोई सुराग नहीं लगा पाई है।