घर में सो रही मां-बेटी पर चाकू से हमला
फरीदाबाद। थाना भूपानी क्षेत्र अंतर्गत नई भूपानी में बृहस्पतिवार रात को घर में सो रहीं मां-बेटी पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी 20 वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल है। युवती को पहले बीके अस्पताल लाया गया। जहां से उसे सफदरजंग अस्पताल, दिल्ली रेफर कर दिया गया। घटनास्थल पर खून से सने कपड़े पहने देख मृतका के एक रिश्तेदार पर शक होने के कारण पुलिस ने उसे हिरासत में लिया है। पुलिस उससे पूछताछ करने में जुटी है।
मूलरूप से गांव पटौल, कन्नौज, उत्तर प्रदेश निवासी शीशपाल शर्मा करीब 20-22 वर्षों से परिवार सहित दिल्ली के बदरपुर इलाके में रह रहे थे। पिछले साल ही उन्होंने फरीदाबाद के नई भूपानी में अपना मकान बनवाया था। पिछले वर्ष से परिवार यहीं रह रहा था। शीशपाल शर्मा जयपुर स्थित कंपनी में नौकरी करते हैं, जबकि उनका बेटा आलोक मध्यप्रदेश के काल्पी में पढ़ाई कर रहा है। ऐसे में भूपानी वाले मकान में शीशपाल की पत्नी सुनीता (45) और बेटी श्वेता (20) अकेले रहते थे। बदरपुर निवासी सुनीता शर्मा के भाई उमेश शर्मा ने बताया कि शुक्रवार तड़के करीब पौने चार बजे श्वेता ने आलोक को फोन कर बताया कि घर में बदमाश घुस आए हैं और उन्होंने उन पर हमला कर दिया है। मम्मी की हालत खराब है। इस पर आलोक ने उन्हें व अपने पुराने पड़ोसी बदरपुर निवासी योगेंद्र को फोन कर सारी बात बताई।
उमेश और योगेंद्र करीब आधे घंटे में वहां पहुंचे तो देखा कि सुनीता और श्वेता दोनों खून से लथपथ पड़े थे। सुनीता की मौत हो चुकी थी, जबकि श्वेता की सांसे चल रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। उमेश ने बताया कि मौके पर उनका एक रिश्तेदार भी पहुंचा तो उसके कपड़े खून से सने हुए थे और हाथ में किसी धारदार हथियार से कटने से चोट भी लगी थी। पूछने पर उसने बताया कि वह रात को यहां किसी काम से आया था, मगर बदमाशों के हमला करने पर भाग गया था। पुलिस इस युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। थाना भूपानी प्रभारी निरीक्षक अब्दुल शहीद ने बताया कि हत्या व जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।