फेसबुक में झूठी पोस्ट डालना ठियोग के एक कांग्रेस नेता को भारी पड़ गया। एसडीएम ने ईवीएम से छेड़छाड़ पर आधारित झूठी पोस्ट डालने पर पुलिस थाना ठियोग में मामला दर्ज करवाया है।
पुलिस छानबीन में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक बीते दिनों ठियोग के एक कांग्रेस नेता ने ठियोग क्षेत्र में ईवीएम मशीन से छेड़छाड़ होने की एक पोस्ट फेसबुक पर डाली थी। इस पर एसडीएम एमडी शर्मा ने ठियोग पुलिस थाना में कांग्रेस नेता ज्ञान हेटा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई।
एसडीएम ने कहा कि यह पोस्ट बिल्कुल गलत और तथ्यों से परे थी, जबकि ऐसा कोई मामला नहीं हुआ है। उन्होंने क्षेत्र की जनता से किसी भी तरह की अनौपचारिक पोस्ट न डालने की अपील की है।
कहा कि ऐसा करने वाले लोगों पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कांग्रेस नेता ने जो पोस्ट फेसबुक पर डाली थी, उसमें लिखा था कि ठियोग में ईवीएम मशीन से छेड़छाड़, जबकि ऐसा करने के कुछ समय बाद पोस्ट को डिलीट कर दिया गया था।
डीएसपी कुलविंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस नेता के खिलाफ झूठी पोस्ट डालने का मामला आया है। पुलिस ने आईपीसी की धारा 505 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।