नशीली टॉफी खिला लूटने वाले गिरोह के दो गिरफ्तार
फरीदाबाद। रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन पर लोगों को अपनी बातों में फंसा नशीली टॉफी या चाय पिलाकर लूटने वाले गैंग के मास्टर माइंड सहित दो लोगों को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है।
क्राइम ब्रांच बदरपुर बार्डर प्रभारी ने बताया कि गोंडा, उत्तर प्रदेश निवासी 12 युवक यह गैंग चला रहे थे। गैंग के मास्टरमाइंड विजय उर्फ लेफ्टी व सुरेश उर्फ गुल्लू को पकड़ कर पुलिस ने गिरफ्तार कर इसका खुलासा किया। क्राइम ब्रांच इंचार्ज संदीप के मुताबिक यह गैंग गुरुग्राम, नोएडा, गाजियाबाद, व दिल्ली में कई वारदात कर चुका है। 18 अगस्त को आरोपियों ने थाना सराय ख्वाजा क्षेत्र में श्रमिक विहार निवासी भूपेंद्र सिंह को अपना शिकार बनाया था। भूपेंद्र यहां से अपने लखनऊ जाने के लिए निकला था। रास्ते में दोनों आरोपियों ने उसे रोक लिया और फैजाबाद तक साथ चलने की बात कही। इस दौरान उन्होंने भूपेंद्र को टॉफी खाने को दी, जिसे खाने के बाद वह बेहोश हो गए। इसके बाद बदमाश उसकी जेब से तीन हजार रुपये व मोबाइल फोन चुराकर ले गए थे। पुलिस ने आरोपियों के पास नकदी व एक बैग बरामद किया है। दोनों को शुक्रवार को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया। ब्यूरो