नाबालिग ऑटो चालक ने बच्चे को कुचला, मौत
फरीदाबाद। संतोष नगर में शनिवार सुबह ऑटो चला रहा नाबालिग वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इससे सड़क किनारे खेल रहे डेढ़ साल के बालक अनुज ऑटो की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सफदरजंग अस्पताल दिल्ली में देर शाम इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। आरोपी चालक की गिरफ्तारी नहीं किए जाने से नाराज परिजनों ने रविवार को संतोष नगर के पास सड़क पर बच्चे का शव रख बाईपास रोड जाम कर दिया। पुलिस के आश्वासन के बाद परिजनों ने शव को हटा कर अंतिम संस्कार किया।
संतोष नगर निवासी त्रिभुवन गिरि की पत्नी संगीता शनिवार सुबह घर के बाहर सफाई कर रही थीं। उनका डेढ़ वर्षीय बेटा भी मां के पास ही खेल रहा था। इस दौरान मोहल्ले का ही एक नाबालिग लड़का अपना ऑटो लेकर उनकी गली से निकला। चालक ने ऑटो पर नियंत्रण खो दिया और अनुज को कुचल दिया। लड़का ऑटो को लेकर फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल बालक को परिजन सफदरजंग अस्पताल दिल्ली ले गए। शनिवार देर शाम अनुज की मौत हो गई। पिता त्रिभुवन गिरि की शिकायत पर सराय ख्वाजा थाने में नाबालिग के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया गया। रविवार को पोस्टमॉर्टम होने के बाद परिजन बालक का शव लेकर संतोष नगर पहुंचे। इस दौरान कुछ लोगों ने भड़काया कि पुलिस ने आरोपी चालक को अभी नहीं पकड़ा है। इस पर परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा, बालक के शव को बाईपास रोड पर रख कर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे एसएचओ सराय ख्वाजा ने नाबालिग को हिरासत में लेने की कानूनी प्रक्रिया की जानकारी दी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजनों ने रास्ता खोल दिया। एसएचओ सराय ख्वाजा ने बताया कि नाबालिग के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया चल रही है, जल्द ही उसे हिरासत में लिया जाएगा।