पेट्रोल मांगने के बहाने रोका फिर चाकू से हमला, कान कटा
फरीदाबाद। ग्रेटर फरीदाबाद सेक्टर-81 में रविवार देर रात एक कंपनी के मार्केटिंग मैनेजर से पेट्रोल मांगने के बहाने एक युवक ने चाकू से वारकर पर्स व मोबाइल फोन लूट लिया और फरार हो गया। चाकू के वार से पीड़ित का कान कट गया है और उन्हें इलाज के लिए ग्रेटर फरीदाबाद के निजी नर्सिंग होम में भर्ती करवाया गया है। घटना की सूचना मिलने पर भूपानी थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बीपीटीपी सेक्टर-84 निवासी भूपेंद्र वर्मा (43) एक निजी कंपनी में मार्केटिंग मैनेजर हैं। रविवार रात करीब 12.30 बजे कहीं से वापस घर लौट रहे थे। उस समय वह अपनी स्कूटी पर सवार थे। जब वह सेक्टर-81, पुरी हाई स्ट्रीट के पास पहुंचे तो एक स्कूटी सवार 18-19 साल के युवक ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया। भूपेंद्र वर्मा के अनुसार युवक पहनावे से किसी अच्छे परिवार से लग रहा था। उन्होंने अपनी स्कूटी रोक ली। युवक ने उनसे पेट्रोल खत्म होने की बात कह, थोड़ा पेट्रोल देने का आग्रह किया।
इस दौरान दोनों में करीब पांच मिनट तक बातचीत हुई कि तभी उस युवक ने अपनी स्कूटी की डिग्गी से चाकूनुमा कोई हथियार निकाला और उन पर हमला कर दिया। चाकू उनकी गर्दन पर कान के पास लगा। युवक ने दोबारा हमला करने का प्रयास किया, मगर वे थोड़ा संभल गए। इस दौरान युवक चाकू की नोक पर उनका पर्स व मोबाइल फोन लूट कर फरार हो गया। चाकू के वार से भूपेंद्र वर्मा का कान कट गया। वह जैसे तैसे नजदीक एक क्लीनिक पर पहुंचे और अपना इलाज करवाया। भूपानी थाना प्रभारी सत्यवीर सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।