एसआरएस मामला
देर रात तक चली आईटी की कार्रवाई, लाखों की नगदी बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। लोगों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोपी एसआरएस ग्रुप के चेयरमैन अनिल जिंदल, उसके रिश्तेदारों व ग्रुप के उच्च अधिकारियों के ठिकानों पर बुधवार देर रात तक आयकर विभाग के अधिकारी कार्रवाई में जुटे रहे। चर्चा है कि इस दौरान विभिन्न दस्तावेज के अलावा विभाग ने लाखों रुपये की राशि भी बरामद की है। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।
बुधवार को आयकर विभाग ने फरीदाबाद व गाजियाबाद में अनिल जिंदल की कोठी, कार्यालय, रिश्तेदार व ग्रुप के आला अधिकारियों के ठिकानों पर एक साथ दबिश दी थी। करीब 30 स्थानों पर रेड की गई। पिछले दिनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद उनसे बरामद दस्तावेज को पुलिस विभाग ने आयकर विभाग को सौंप दिया था। उनकी जांच करने के बाद विभाग ने इस महाघोटाले में आयकर का भी काफी गड़बड़झाला मिला था। इस पर विभाग ने इतनी बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। बुधवार देर रात तक चली कार्रवाई के दौरान आयकर विभाग के अधिकारियों ने कई दस्तावेज व कंप्यूटरों को जांच के लिए कब्जे में लिया है।