कार्ड क्लोन कर खाते से उड़ाए एक लाख रुपये
फरीदाबाद। साइबर ठगों ने एटीएम कार्ड क्लोन कर एक व्यक्ति के खाते से एक लाख रुपये उड़ा लिए। पुलिस ने पीड़ित युवक की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गुरुग्राम निवासी अमित कुमार ने पुलिस को बताया कि वे किसी काम से एक जून को डीएलएफ क्षेत्र में आए हुए थे। इस दौरान उनके फोन पर 10 हजार रुपये निकलने का मेसेज आया। उन्होंने अपना एटीएम कार्ड देखा तो वह उनकी जेब में रखा हुआ था। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, दस-दस हजार कर उनके खाते से एक लाख रुपये निकल गए। उन्होंने बैंक में फोन कर अपना कार्ड ब्लॉक करवाया। जांच के दौरान पता चला कि पैसे दिल्ली के दिलशाद गार्डन में किसी एटीएम बूथ से निकले हैं। थाना सेक्टर-31 पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं सेक्टर-तीन निवासी योगेंद्र पाल शनिवार को तिगांव रोड स्थित एक एटीएम बूथ पर रुपये निकालने गए थे। इस दौरान एटीएम मददगार गिरोह के बदमाशों ने उनका कार्ड बदल दिया और उनके खाते से 30 हजार रुपये निकाल लिए। थाना शहर बल्लभगढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ब्यूरो