फोन पर जीआरपी थाना प्रभारी दे रहे थे गालियां, ऑडियो हो गया वायरल
फरीदाबाद। तिगांव थाना प्रभारी के बाद अब राजकीय रेलवे पुलिस के थाना प्रभारी का फोन पर गालियां देते ऑडियो वायरल हुआ है। गाली-गलौच भी किसी और के साथ नहीं, वह रेलवे सुरक्षा बल के एक उपनिरीक्षक के साथ कर रहे हैं। शुक्रवार को आरटीआई एक्टिविस्ट वरुण श्योकंद ने यह ऑडियो पुलिस महानिदेशक (रेलवे) सहित मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री को भी मेल किया है।
जानकारी के अनुसार, कासना, ग्रेटर नोएडा निवासी वशिष्ठ कुमार व उनकी पत्नी ममता गत दो जनवरी को गुजरात जाने के लिए नई रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। यहां से उन्होंने पश्चिम एक्सप्रेस में सवार होना था। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ने के दौरान महिला तो सवार हो गई, मगर उनके पति गाड़ी में नहीं चढ़ पाए। ट्रेन छूटने के बाद महिला को जब इस बारे में पता चला तो वह रोने लगी। ट्रेन में सवार अन्य यात्रियों ने उन्हें चुप करवाया। रात करीब पौने नौ बजे जब पश्चिम एक्सप्रेस ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो यात्रियों ने महिला को ट्रेन से उतार दिया और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के हवाले कर दिया। महिला से संबंधित मामला होने के कारण आरपीएफ में तैनात एक उपनिरीक्षक ने महिला हेल्पलाइन नंबर 1091 पर फोन कर इस बारे में सूचित किया।
बताया जाता है कि वहां से जीआरपी थाना प्रभारी को इस संबंध में फोन आया और महिला की मदद करने को कहा गया। उन्हें फोन न कर महिला हेल्पलाइन नंबर पर फोन करने से नाराज थाना जीआरपी प्रभारी पोरस कुमार ने उपनिरीक्षक को उनके मोबाइल पर फोन कर अभद्र तरीके से बात करनी शुरू कर दी। हालांकि, आरपीएफ के एसआई थाना प्रभारी को शांत करते दिखे, मगर वे शांत नहीं हुए। इस दौरान आरपीएफ अधिकारी ने जीआरपी थाना प्रभारी से कहा कि उनके पास उनका नंबर नहीं था, इसलिए उन्होंने महिला हेल्पलाइन पर फोन कर दिया। इसके बाद तो थाना प्रभारी का पारा और चढ़ गया और उन्होंने आरपीएफ कर्मी के साथ गाली-गलौच करना शुरू कर दिया। हालांकि, आरपीएफ अधिकारी की तरफ से इस संबंध में अभी कोई शिकायत नहीं की गई है। मगर गाली-गलौच का ऑडियो वायरल होने के बाद आईटीआई एक्टिविस्ट वरुण श्योकंद ने उसे आला पुलिस अधिकारियों सहित सरकार के पास भेज दिया है।
हमारे बीच में इस तरह का कोई मतभेद नहीं है। यात्रियों की सुरक्षा करना हमारा कर्तव्य है। यह बेवजह कीचड़ उछाली जा रही है। बात करते हुए कई बार इस तरह हो जाता है।
- पोरस कुमार, जीआरपी थाना प्रभारी।
तिगांव थाना प्रभारी का भी ऑडियो हुआ था वायरल
पिछले दिनों इसी तरह से तिगांव थाने के तत्कालीन प्रभारी भीम सिंह का भी गालियां देते ऑडियो वायरल हुआ था। वह एक मामले की जांच के लिए गांव के नंबरदार को थाने में बुला रहे थे। जब उस व्यक्ति ने कहा कि वह अभी नहीं आ सकते हैं तो वह उनके साथ गाली गलौच करने लगे। जांच के बाद पुलिस आयुक्त डा. कुरैशी ने उन्हें लाइन हाजिर कर किया था।