फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक घंटे तक चले उपद्रवियों के तांडव को याद कर सिहर उठते हैं लोग

विज्ञापन
विज्ञापन
एक घंटे तक की थी तोड़फोड़, याद कर सिहर उठते हैं लोग
विज्ञापन


फरीदाबाद। संजय गांधी मेमोरियल (एसजीएम) नगर में रविवार रात युवती से छेड़छाड़ का विरोध करने पर हुए विवाद में उपद्रवियों ने जमकर तोड़फोड़ मचायी। गाड़ियों में आग लगा दी, दुकानों और घरों में पथराव किया। इस दौरान महिलाओं के साथ अभद्रता की। उस मंजर को याद कर कॉलोनीवासी सिहर उठते हैं। वे तो भगवान का शुक्रिया कर रहे हैं कि उनके हाथ कोई व्यक्ति नहीं आया, नहीं तो शायद वे उसे पीट-पीट कर ही मार ही डालते। पुलिस ने हन्नी नाम के युवक की शिकायत पर मारपीट, आगजनी व लूटपाट का मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, घटना के बाद से दूसरे पक्ष के लोग फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है। एहतियात के तौर पर घटनास्थल पर पुलिस तैनात कर दी गई है। एसजीएम नगर के लोगों ने सोमवार को विधायक सीमा त्रिखा से मुलाकात की। विधायक ने उन्हें निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया।
एसजीएम नगर 20 रोड निवासी हन्नी ढींगड़ा ने बताया कि उनके मोहल्ले में एक निजी स्कूल है। दोपहर को स्कूल की छुट्टी होने के दौरान असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग जाता है। शाम को भी यही हाल होता है। इस कारण मोहल्ले में महिलाओं का घर से निकलना भी दुश्वार हो चुका है। रविवार शाम को बाजार में भीड़ थी। इस दौरान वहां से गुजर रही एक युवती के साथ मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने छेड़छाड़ की। युवती ने विरोध किया तो आसपास के लोग भी जमा हो गए। इस दौरान एक युवक तो मौके से भाग गया, जबकि दूसरे को लोगों ने पकड़ कर उसकी पिटाई कर डाली। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस उस युवक को अपने साथ ले गई। गुस्साए लोगों ने उनकी बाइक में भी आग लगा दी थी।
विज्ञापन

उस समय तो मामला शांत हो गया। मगर थोड़ी देर बाद ही न जाने कहा से 50-60 युवक हंगामा करते हुए उनके मोहल्ले में आ पहुंचे। उन युवकों ने मोहल्ले में हंगामा करना शुरू कर दिया। इसके कारण लोगों ने अपनी दुकानें बंद करनी शुरू कर दी। हन्नी का आरोप है कि हमलावर उनके ऑफिस में घुस आए और तोड़फोड़ करने लगे। विरोध करने पर उनकी कमर पर डंडे मारे, इस पर वे अपनी जान बचाकर वहां से अपने घर भाग गए। उनमें से कुछ ने उनका पीछा किया और घर के बाहर खड़ी उनकी बुलेट व पड़ोसी की बाइक में आग लगा दी। बाइक में लगी आग से पड़ोसी लक्ष्मण सिंह रावत का घर भी चपेट में आ गया। रावत ने बताया कि उनके गेट के साथ ही गैस सिलिंडर पड़ा हुआ था। जैसे तैसे उन्होंने वहां से सिलिंडर हटाया और परिवार के सभी लोगों को घर से बाहर निकाला। यदि सिलिंडर आग की चपेट में आ जाता तो स्थिति बहुत भयानक हो सकती थी।
इसके बाद उपद्रवियों ने हन्नी के ऑफिस से थोड़ी दूर खड़ी उसकी आई-20 कार में पहले तो डंडे व पत्थर मारकर तोड़फोड़ की और फिर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी। आई-20 कार एक बंद दुकान के बाहर खड़ी थी। दुकान मालिक ने अपनी नई बलेनो कार को दुकान में खड़ा कर रखा था। कार पर पेट्रोल डालने के दौरान वह रिसकर बंद दुकान के अंदर भी चला गया था। इससे दुकान में खड़ी कार में भी आग लग गई। उपद्रव होता देख लोग अपने घरों में दुबक गए। करीब एक घंटे तक चले इस हंगामे से अभी तक लोग सिहरे हुए हैं।

कोट
रात को मैं अपने घर में थी। अचानक बाहर शोर होने लगा। छत से देखा तो पता नहीं कहां से इतने युवक आए थे और तोड़फोड़ कर रहे थे। ऐसा लगा जैसे यहां जंगलराज हो गया।
- सुशीला देवी, प्रत्यक्षदर्शी

रात को उपद्रवियों ने जमकर हंगामा किया। लोगों के घरों में तोड़फोड़ की। उनके सामने किसी की आने की हिम्मत नहीं पड़ी। यदि उनको कोई रोकने का प्रयास करता तो वे उसे पीट-पीट कर ही मार डालते। - जगदीश, प्रत्यक्षदर्शी

मैं अपनी बिजली की दुकान पर बैठा हुआ था। शोर सुनकर देखा तो 25-30 युवक हंगामा कर रहे थे। इस पर मैने जल्दी से अपनी दुकान बंद की। कुछ देर बाद उन्होंने मेरी दुकान के पास खड़ी कार में आग लगा दी। इससे मेरी दुकान के बाहर लगा कैमरा जल गया और तारें भी फुंक गई।
विज्ञापन

- साहिल, प्रत्यक्षदर्शी

पीड़ित हन्नी की शिकायत पर असरू, जावेद, शोयस, इशाक, शमसू, महबूब, शमीम, सलीम सहित 20-25 अन्य युवकों के खिलाफ हमला करने, आगजनी, लूटपाट व जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। दूसरे पक्ष की तरफ से अभी कोई शिकायत नहीं आई है। फिलहाल अस्पताल में भर्ती दूसरे पक्ष के युवक का पुलिस बयान लेने गई हुई है। उसके बयान पर भी कार्रवाई की जाएगी।
- हरदीप सिंह, एसजीएम नगर थाना प्रभारी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें