बल्लभगढ़। अनलॉक-एक में छूट मिलते ही वाहन चोरी की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। शहर के अलग-अलग इलाकों से चोरों ने कई वाहनों पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने मामले दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
सेक्टर-11 निवासी अजय यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी सफेद रंग की कार को उसका दोस्त अनिल कुछ दिनों के लिए लेकर गया था। सोमवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे जब अनिल आफिस जाने के लिए घर से बाहर निकला तो वहां गाड़ी नहीं थी। उन्होंने सीसीटीवी कैमरे में देखा कि अल सुबह करीब साढ़े तीन बजे चोर उनकी गाड़ी को किसी दूसरी गाड़ी के साथ जोड़कर ले जा रहे थे।
दो अन्य मामले थाना आदर्श नगर से हैं। सेक्टर-62 आशियाना फ्लैट में रहने वाले सोनू ने शिकायत में बताया कि उसकी काले रंग की स्पलेंडर बाइक घर के सामने से चोरी हो गई। वहीं, आदर्श नगर निवासी सतपाल ने शिकायत दी कि वह शाहपुरा बल्लभगढ बाईपास पर किसी काम से गया था। वह बाइक को रास्ते में खड़ी कर दुकान में चला गया। इतनी ही देर में उसकी बाइक को कोई चोरी करके ले गया। थाना आदर्श नगर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।