फरीदाबाद। एनसीआर में प्रतिबंधित एंड ऑफ लाइफ वाहनों के खिलाफ फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। नियमों का उल्लंघन कर सड़कों पर चल रहे पुराने वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 17 से 24 जुलाई के बीच कुल 107 वाहनों को जब्त किया है।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए वाहनों में 102 पेट्रोल और 5 डीजल वाहन शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि एनसीआर में निर्धारित आयु सीमा पूरी कर चुके वाहनों का संचालन प्रतिबंधित है। इसके तहत 10 वर्ष पुराने डीजल और 15 वर्ष पुराने पेट्रोल वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। प्रतिबंधित आयु सीमा वाले वाहनों के संचालन से नियमों का उल्लंघन होता है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा और प्रदूषण नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए ईओएल वाहनों के खिलाफ यह विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। संवाद