तावड़ू। नगर के गांधीनगर इलाके में बुधवार को बड़ा हादसा टल गया। यहां घास चरते समय एक गाय अचानक खुले सीवर लाइन में गिर गई। हादसे में गाय गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय बच्चों ने जब शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर जुट गए। करीब एक घंटे की मशक्कत और रस्सी की मदद से ग्रामीणों ने गोवंश को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। गोपालक अब्दुल गफ्फार ने बताया कि वह अपने दो गोवंश को चराने के लिए गांधीनगर आया था। इलाके में घास ज्यादा थी, लेकिन खुले पड़े सीवर पर घास उगी होने से वह दिखाई नहीं दिया और गाय उसमें जा गिरी। गनीमत रही कि हादसे में कोई व्यक्ति या बच्चा इसमें नहीं गिरा, वरना बड़ी अनहोनी हो सकती थी। ग्रामीणों ने बताया कि यह सीवर लंबे समय से बंद पड़ा है, इसमें पानी का बहाव नहीं है और इसकी देखरेख भी नहीं हो रही है।